मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव का ऐलान, 12 नवंबर को होगा मतदान

चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव कराने का फैसला किया है। यह सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। आयोग ने चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है।

कब-कब क्या होगा?

निर्वाचन आयोग के अनुसार, डॉ. एल मुरुगन ने 14 अक्टूबर को इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक का था। इसी खाली सीट को भरने के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। 

चुनाव का शेड्यूल इस प्रकार –

-नोटिफिकेशन: 26 अक्टूबर 
– नामांकन की आखिरी तारीख: 2 नवंबर 
– नामांकन पत्रों की जांच: 3 नवंबर 
– नाम वापस लेने की आखिरी तारीख: 5 नवंबर 
– मतदान: 12 नवंबर (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक) 
– वोटों की गिनती: 12 नवंबर को शाम 5 बजे 
– चुनाव पूरा होने की आखिरी तारीख: 16 नवंबर

मतदान को लेकर अहम निर्देश

चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बैलेट पेपर पर वरीयता अंकित करने के लिए सिर्फ बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। यह पेन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दिया जाएगा और पहले से तय मानक का होगा। किसी भी अन्य पेन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग पर्यवेक्षक भी नियुक्त करेगा। चुनाव प्रक्रिया की कड़ी निगरानी की जाएगी, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

सीट क्यों है अहम?

मध्य प्रदेश से राज्यसभा की यह सीट काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नए चुने जाने वाले सदस्य का कार्यकाल 2030 तक रहेगा। डॉ. एल मुरुगन को जुलाई 2021 में पहली बार केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया था। उनके इस्तीफे के बाद अब इस सीट पर नया चेहरा राज्यसभा पहुंचेगा। (इनपुट-एजेंसी)