26/05/25 | 5:16 pm

Print

रेखा गुप्ता सरकार के 100 दिन पूरे, रिपोर्ट कार्ड पेश करने की तैयारी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बताया कि 30 मई को उनकी सरकार के सौ दिन पूरे हो रहे हैं। इस खास अवसर पर वह अपनी सरकार से जुड़े रिपोर्ट कार्ड को पेश करेंगी। इस रिपोर्ट में बताया जाएगा कि अब तक दिल्ली सरकार की तरफ से जनता के हित के लिए क्या-क्या कदम उठाए गए हैं।

दिल्ली की जनता के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं

उन्होंने दावा किया कि हमारी सरकार ने दिल्ली की जनता के लिए चौबीस घंटे काम किया है। हम एक दिन भी नहीं बैठे हैं। हमने यह कोशिश की है कि दिल्ली की जनता के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं हो। उन्होंने कहा कि हमारा यह कर्तव्य बन जाता है कि जिस दिल्ली की जनता ने हमें सत्ता में पहुंचाया, उन्हें हम यह बताएं कि हमारी सरकार ने अब तक उनके लिए क्या-क्या काम किए हैं? हम लोग दिल्ली में कौन-कौन सी योजनाएं लेकर आए हैं? हमने कौन-कौन से फैसले लिए हैं?

इस बार अब तक दिल्ली में कहीं पर भी जलभराव की समस्या पैदा नहीं हुई है

उन्होंने जलभराव की समस्या को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि इस बार दिल्ली में कहीं पर भी जलभराव की समस्या पैदा नहीं हुई। अब तक तीन बार दिल्ली में भारी बारिश हो चुकी है। लेकिन, व्यवस्थित तरीके से पानी की निकासी हो रही है। कहीं पर भी जलभराव की समस्या नहीं हुई है। अगर बारिश हो रही है, तो जाहिर सी बात है कि थोड़ा बहुत पानी कहीं न कहीं जमा रह जाता है, लेकिन अब यह लंबे समय तक नहीं रहेगा, क्योंकि हमने पानी की निकासी की पूरी व्यवस्था की है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि दिल्ली में कहीं पर भी जलभराव की समस्या न हो।

30 लाख मीट्रिक टन कचरा अब तक नालों से निकाला गया है

उन्होंने आगे कहा कि 30 लाख मीट्रिक टन कूड़ा सभी नालों से निकाला गया। हमने समुचित तरीके से नालों की सफाई की है। इस बार दिल्ली में सबसे कम जलभराव की समस्या है। एक-एक जलभराव वाले चिन्हित स्थलों के लिए हमने नोडल ऑफिसर की नियुक्ति की थी, जिसकी निगरानी की जा रही है। अगर कोई भी अधिकारी इस मामले में कोताही बरतते पाया गया, तो निश्चित तौर पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्‍ली सरकार हर प्रकार की समस्‍या का सामना करने के लिए तैयार

उन्होंने कोरोना के मामलों को लेकर कहा कि हमने स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। हम हर प्रकार की स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं। हम कोरोना के मामलों पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।(इनपुट-आईएएनएस)