उत्तराखंड के मसूरी में भारी बारिश के कारण सड़क बंद, देहरादून-मसूरी मार्ग पर मलबा आने से जनजीवन अस्त-व्यस्त

उत्तराखंड के मसूरी में रविवार को हुई भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज बारिश के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। उत्तराखंड में दो दिन से हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, प्रदेश भर के कई स्थानों में नदियों ने रौद्र रूप ले लिया है।

वहीं,बारिश के कारण मसूरी से देहरादून जाने वाली मुख्य सड़क पर जेपी बैंड के पास भारी मात्रा में मलवा आ गया, जिससे यह मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया।

मसूरी से दो किलोमीटर नीचे देहरादून मार्ग स्थित जेपी बैंड के पास सड़क के किनारे जमा हुआ मलवा भारी बारिश के कारण मुख्य सड़क पर आ गया। इसके परिणामस्वरूप सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह मलवा निर्माण कार्य के दौरान बाहर निकाले गए मलबे का परिणाम था, जिसे ठेकेदारों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए सड़क किनारे जंगलों में डाल दिया था। बारिश के पानी के साथ बहता हुआ मलवा सड़क पर आ गया, जिससे सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई।

यह पहली बार नहीं है, जब भारी बारिश के बाद मसूरी-देहरादून मार्ग पर मलबा आने की समस्या सामने आई है। पिछले साल भी ऐसी ही बारिश के दौरान मलबा सड़क पर आ गया था और मार्ग कई घंटों तक बंद रहा था। दरअसल, मसूरी के कई प्राकृतिक नाले मलबे से भरे हुए हैं। यदि इन नालों की समय पर सफाई नहीं की गई, तो आगामी बारिश के सीजन में भारी नुकसान हो सकता है, जिससे शहरवासियों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

स्थानीय निवासियों और पर्यटकों ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि वे समय रहते सड़क किनारे जमा हुए मलबे को हटाने की व्यवस्था करें और नालों की सफाई को प्राथमिकता दें, ताकि आने वाले बारिश के मौसम में इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके। (इनपुट-आईएएनएस)

 

RELATED ARTICLES

8 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

40 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...