Print

महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में श्री चरणी की बादशाहत, ICC टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में बनाया नया रेटिंग रिकॉर्ड

भारत की श्री चरणी ने आईसीसी विमेंस टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में अब तक की सबसे ज्यादा रेटिंग का नया रिकॉर्ड बनाया है। एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद बाएं हाथ की स्पिनर अपने करियर के बेस्ट 817 प्वाइंट्स तक पहुंच गईं।

श्री चरणी पहले ही टी20 अंतररष्ट्रीय फॉर्मेट में ‘वर्ल्ड नंबर-1’ गेंदबाज हैं। अब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट के (806 रेटिंग प्वाइंट्स) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिसे मेगन ने नवंबर 2018 में बनाया था।

चरणी ने भारत की सफल यात्रा में अहम भूमिका निभाई और एशियन गेम्स में अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए भारत को अपना गोल्ड मेडल बचाने में मदद की। एशिया कप 2026 में श्री चरणी ने 12 विकेट लेकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे।

श्री चरणी ने एशियन गेम्स 2026 में जापान के खिलाफ 10/4 का अपना करियर-बेस्ट प्रदर्शन करते हुए भारत को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में मदद की थी। खिताबी मैच में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 13 रन देकर 2 विकेट लिए। भारत ने यह मैच 147 रन से जीतकर गोल्ड मेडल जीता।

एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के विरुद्ध 6 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने 754 प्वाइंट्स के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है, जबकि इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 723 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एशियन गेम्स के फाइनल में 79 रन की पारी खेली थी, जिसके साथ उन्होंने टी20 फॉर्मेट में बल्लेबाजी की रैंकिंग में टॉप-5 में वापसी कर ली है।

दूसरी ओर, हरारे में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच जारी सीरीज ने वनडे फॉर्मेट में काफी बदलाव किया है। यह सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। वेस्टइंडीज की ऑल-राउंडर हेली मैथ्यूज ने सीरीज के पहले मैच में 182 रनों की दमदार पारी खेली थी, जिसके बाद वह 711 प्वाइंट्स के साथ बैटिंग रैंकिंग में तीन पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गईं। उनकी साथी रियलीना ग्रिमंड 34 पायदान ऊपर चढ़कर 270 प्वाइंट्स के साथ संयुक्त रूप से 102वें स्थान पर पहुंच गईं।

इस बीच, जिम्बाब्वे की न्याशा ग्वांजुरा ने वनडे बॉलिंग रैंकिंग में एक अहम स्थान हासिल किया; उन्होंने दूसरे वनडे में 18 रन बनाने के साथ 4 विकेट हासिल किए। इस तरह वह 52 पायदान ऊपर चढ़कर 156वें ​​स्थान पर पहुंच गईं।

जिम्बाब्वे की बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिकवा भी दो मुकाबलों में 86 और 38 रन बनाने के बाद 16 पायदान ऊपर चढ़कर 492 प्वाइंट्स के साथ अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 40वें स्थान पर पहुंच गईं।

फ्रांसिस्का चिपारे 26 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 123वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि वेस्टइंडीज की गेंदबाज अश्विनी मुनिसार 23 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 84वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि एलीन आठ पायदान ऊपर चढ़कर 58वें स्थान पर आ गई हैं।

ऑस्ट्रेलिया की एशले गार्डनर 497 प्वाइंट्स के साथ वनडे ऑल-राउंडर रैंकिंग में पहले स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि मैथ्यूज 502 प्वाइंट्स के साथ टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। अलाना किंग 753 प्वाइंट्स के साथ वनडे बॉलिंग रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। भारत की स्मृति मंधाना 790 प्वाइंट्स के साथ वनडे बैटिंग रैंकिंग में अभी भी शीर्ष पर हैं।

(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

3 hours ago

Asian Para Games: पीएम मोदी ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स ...

8 hours ago

Asian Para Games: महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड के साथ सिल्वर, टी12 में तेजलबेन का ब्रॉन्ज

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में दो मेडल हासिल किए। अंजाना...