Jio Platforms ने बुधवार को शेयर बाजार में दमदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर ₹1,119 के इश्यू प्राइस के मुकाबले 21.35 प्रतिशत प्रीमियम के साथ ₹1,358 पर लिस्ट हुआ। कंपनी के IPO को निवेशकों का रिकॉर्ड रिस्पॉन्स मिला था।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, रिपोर्ट दाखिल किए जाने के समय शेयर ₹1,357.45 पर कारोबार कर रहा था। यह इश्यू प्राइस से ₹238.45 यानी 21.31 प्रतिशत अधिक था। कारोबार की शुरुआत में शेयर ₹1,374 के उच्च स्तर तक पहुंचा। इस कीमत पर कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब ₹12.5 लाख करोड़ रहा।
इस बीच, Jio Platforms में 64.48 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली Reliance Industries का शेयर सुबह करीब 9:59 बजे ₹1,197 पर कारोबार कर रहा था। इसमें पिछले बंद भाव ₹1,196.20 के मुकाबले 0.07 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
IPO को ₹7.5 लाख करोड़ से ज्यादा की मांग
लिस्टिंग समारोह को संबोधित करते हुए Reliance Jio Infocomm के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा कि IPO को मिला रिस्पॉन्स उम्मीदों से कहीं ज्यादा रहा। कंपनी को ₹7.5 लाख करोड़ से अधिक की मांग मिली और 1.3 करोड़ से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए।
उन्होंने कहा कि IPO लॉन्च होने के 95 मिनट के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। आकाश अंबानी के मुताबिक, यह भारत में अब तक की सबसे तेज सब्सक्रिप्शन प्रक्रिया रही और निवेशकों की सभी श्रेणियों में रिकॉर्ड मांग देखने को मिली।
IPO का कुल सब्सक्रिप्शन 22.19 गुना रहा। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की श्रेणी में उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 70.55 गुना बोलियां मिलीं।
₹8,110 करोड़ के एंकर बुक में भी मजबूत मांग
कंपनी के ₹8,110 करोड़ के एंकर बुक में संस्थागत निवेशकों की ओर से ₹2.5 लाख करोड़ से अधिक की मांग आई। यह पेशकश के लिए उपलब्ध राशि के 30 गुना से ज्यादा थी।
आकाश अंबानी ने कहा कि कंपनी की लिस्टिंग अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने नए शेयरधारकों के प्रति कंपनी की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि Jio पारदर्शी संवाद बनाए रखेगी, अपने वादों का सम्मान करेगी और अपने काम के जरिए निवेशकों का भरोसा जीतेगी।
उन्होंने कहा कि कंपनी का फोकस डिजिटल सेवाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ाने और ग्राहकों व निवेशकों के लिए मूल्य सृजित करने पर रहेगा। अंबानी के मुताबिक, शेयरधारकों की संपत्ति की सुरक्षा और उसे लंबे समय में बढ़ाना कंपनी की जिम्मेदारी है।
540 मिलियन से ज्यादा ग्राहकों को सेवाएं
आकाश अंबानी ने बताया कि Jio के स्वदेशी प्लेटफॉर्म 540 मिलियन यानी 54 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और सेवाओं को आगे बढ़ाने पर काम करेगी।
उन्होंने भरोसा जताया कि Jio भारत और दुनिया में विकास, उत्कृष्टता और प्रतिष्ठा के नए मुकाम हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। (इनपुट-एजेंसी)


