बिहार में राजनीतिक बदलाव के बीच सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। उनके शपथ ग्रहण के बाद देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में बिहार के विकास को लेकर उम्मीद जताई।
नीतीश कुमार ने जताया भरोसा
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास करेगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राज्य देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
अमित शाह ने दी सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए उन्हें बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के प्रयासों को अब और गति मिलेगी और राज्य के विकास में तेजी आएगी।
राजनाथ सिंह ने टीम को बताया अनुभव और ऊर्जा का संगम
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी के साथ उपमुख्यमंत्री बने विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी बधाई दी। उन्होंने नई सरकार को ऊर्जा और अनुभव का संतुलित मिश्रण बताते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
नितिन गडकरी ने विकास की नई ऊंचाइयों का जताया भरोसा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी सम्राट चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
नई सरकार का गठन, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में नई सरकार का गठन हुआ है। सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जेडीयू नेता बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। (इनपुट: आईएएनएस)


