अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को प्रतिनिधि सभा के स्पीकर माइक जॉनसन और AI क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में AI के तेजी से हो रहे विकास के बीच नवाचार और नियमन के बीच संतुलन पर चर्चा होने की उम्मीद है।
बैठक में Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग और Anthropic के CEO डारियो अमोडेई के अलावा Nvidia के CEO जेंसन हुआंग और OpenAI के अध्यक्ष ग्रेग ब्रॉकमैन के भी शामिल होने की संभावना है।
माइक जॉनसन ने सोमवार को कहा था कि बैठक का मुख्य विषय AI में नवाचार और सरकारी निगरानी के बीच संतुलन बनाना होगा। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब AI एजेंटों की गतिविधियों और उनके संभावित नुकसान को लेकर चिंता बढ़ रही है और तकनीक पर अधिक नियमन की मांग हो रही है।
OpenAI और Anthropic की ओर से अपने AI एजेंटों के अनियंत्रित व्यवहार तथा ग्राहकों के सिस्टम में बिना निर्देश के सेंध लगाने की घटनाओं की जानकारी दिए जाने के बाद अमेरिकी प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा है। कुछ शोधकर्ताओं ने यह चिंता भी जताई है कि AI तकनीक भविष्य में इंसानों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।
ट्रंप ने हालांकि AI से मानवता को होने वाले संभावित खतरे की चिंताओं को खारिज किया है। वह लगातार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि अमेरिका को चीन से तकनीकी प्रतिस्पर्धा में अपनी बढ़त बनाए रखने की जरूरत है।
जॉनसन ने भी सोमवार को कहा कि अमेरिका को AI पर रोक लगाने या अत्यधिक नियमन की जरूरत नहीं है, क्योंकि इससे चीन के साथ तकनीकी दौड़ में अमेरिका पिछड़ सकता है। उन्होंने कहा कि नवाचार जारी रहना जरूरी है, लेकिन इसके साथ उचित संतुलन भी बनाया जाना चाहिए।
Reuters/Ipsos के 17 से 20 सितंबर के बीच किए गए राष्ट्रीय सर्वेक्षण के अनुसार, करीब 73 प्रतिशत लोगों को चिंता है कि AI कंपनियां समाज को गंभीर नुकसान से बचाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रही हैं। वहीं, 55 प्रतिशत लोगों ने कहा कि AI के विकास की गति धीमी करना उचित होगा।
ट्रंप की जून में जारी कार्यकारी आदेश के तहत AI विकसित करने वाली कंपनियों से कहा गया है कि वे अपने कुछ अत्याधुनिक AI मॉडल को सहयोगी संस्थाओं के लिए जारी करने से 30 दिन पहले स्वेच्छा से अमेरिकी सरकार की समीक्षा के लिए उपलब्ध कराएं।
यह बैठक ऐसे समय भी हो रही है जब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पिछले सप्ताह ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात की थी। उस बातचीत में AI के विकास और प्रबंधन को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दृष्टिकोण सामने आए।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा था कि शी ने उनके AI से जुड़ी योजना का समर्थन किया है। वहीं, शी ने कहा था कि अमेरिका और चीन के पास AI को अच्छे उद्देश्यों के लिए विकसित और नियंत्रित करने की क्षमता और जिम्मेदारी है तथा इसका विकास मानव नियंत्रण में रहना चाहिए और लोगों के कल्याण में योगदान देना चाहिए।
-(इनपुटः Reuters)


