दिल्ली सहित पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम अब करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आने वाले दिनों के लिए नया पूर्वानुमान जारी किया है। 26 सितंबर से बादल छाएंगे और बारिश की संभावना है, जबकि 27 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे लंबे समय से चली आ रही गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
26 सितंबर: बादल और मध्यम बारिश का दिन
26 सितंबर को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर के समय गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। दोपहर बाद भी हल्की से मध्यम बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी बनी हुई है।
27 सितंबर: येलो अलर्ट, तापमान में गिरावट
मौसम के लिहाज से 27 सितंबर सबसे महत्वपूर्ण दिन रहने वाला है। इस दिन मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी। अधिकतम तापमान गिरकर 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। यह सिलसिला दोपहर, दोपहर बाद और शाम तक जारी रह सकता है।
28 से 30 सितंबर का पूर्वानुमान
28 सितंबर को भी आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। तापमान 32 डिग्री से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
29 सितंबर को मौसम में सुधार दिखेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान 33 डिग्री से 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
30 सितंबर को मौसम लगभग साफ रहने की उम्मीद है। मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा, अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले कुछ दिनों तक बदलता मौसम देखने को मिलेगा। 26 और 27 सितंबर को बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन येलो अलर्ट वाले दिन सतर्क रहने की सलाह दी गई है। (इनपुट-एजेंसी)


