दिवाली से पहले योगी सरकार का बड़ा ऐलान : सफाईकर्मियों की सैलरी सीधे खाते में, सभी को मिलेगा आयुष्मान कार्ड

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले राज्य के सफाईकर्मियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने घोषणा की कि अब प्रदेश के सभी सफाईकर्मियों का वेतन सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा, जिससे किसी भी स्तर पर बिचौलियों की भूमिका खत्म हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सफाईकर्मियों को हर महीने 16,000 से 20,000 रुपये तक का वेतन मिलेगा, जो अब सीधे उनके खाते में जमा होगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह कदम सफाईकर्मियों के हितों की रक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है ताकि किसी भी स्तर पर उनका शोषण न हो सके। उन्होंने साथ ही घोषणा की कि सभी सफाईकर्मियों को आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें हर वर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्राप्त हो सकेगा। योगी ने दीपावली से पहले यह संदेश भी दिया कि हर “स्वच्छता मित्र” इस त्यौहार पर स्वच्छता मिशन का हिस्सा बने और सुनिश्चित करें कि “हर गरीब के घर में दीपक जले और मिठाई पहुंचे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि चाहे वह पार्षद हों, प्रधान, विधायक या सांसद पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता के लिए कार्य करें, तो चुनावों के समय मिलने वाली शिकायतों में कमी आएगी। उन्होंने जोर दिया कि जहां जनप्रतिनिधि जागरूक होकर जनता की सुनवाई करते हैं, वहीं पर समस्याओं का समाधान हो जाता है।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में जनता दर्शन किया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने एक-एक फरियादी से मुलाकात की, उनका आवेदन स्वयं लिया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक के चेहरे पर खुशी और संतोष लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दर्शन में लगभग 50 से अधिक लोग पहुंचे थे, जिन्होंने पुलिस, राजस्व, बिजली, नौकरी और आर्थिक सहायता जैसी विभिन्न समस्याएं रखीं।

योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समाधान निश्चित समय सीमा में किया जाए ताकि किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा, “किसी के चेहरे पर खुशी लाना ही ईश्वर की सेवा है। प्रदेश सरकार हर पीड़ित को खुशहाल करने की भावना से कार्य कर रही है और बिना भेदभाव के सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।” -(IANS)

RELATED ARTICLES

7 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

39 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...