ब्राजील की सेना के कमांड एंड जनरल स्टाफ कॉलेज के 41 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भारत के विदेशी अध्ययन दौरे के तहत दिल्ली और आगरा का दौरा किया। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच पेशेवर आदान-प्रदान को बढ़ावा देना, आपसी सैन्य संबंध मजबूत करना और भारत-ब्राजील रक्षा सहयोग को और गहरा करना है।
भारतीय सेना ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने भारत के प्रमुख रक्षा प्रतिष्ठानों के साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों का भी दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को भारत की सैन्य क्षमताओं, समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर मिला।
भारतीय सेना ने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों की सेनाओं के बीच पेशेवर संवाद और आपसी सहयोग को बढ़ावा मिला। साथ ही, भारत-ब्राजील के बीच बढ़ती रक्षा साझेदारी की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।
यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए जारी उच्चस्तरीय बैठकों और बातचीत के बीच हुआ है।
पिछले सप्ताह विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अटलांटा में जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर अपने ब्राजीलियाई समकक्ष माउरो विएरा से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
ब्राजील के विदेश मंत्रालय इतामाराती के अनुसार, यह बैठक जी20 मंत्रिस्तरीय बैठक के पहले दिन के समापन पर हुई। दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय आर्थिक एजेंडे पर भी विचार-विमर्श किया। जयशंकर ने ब्राजील में चुनावी प्रक्रिया पूरी होने पर विएरा को बधाई दी और उनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को चुनावी जीत की शुभकामनाएं पहुंचाने का अनुरोध किया।
इससे पहले 26 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लूला को दोबारा चुनाव जीतने पर बधाई दी थी। उन्होंने दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने का विश्वास भी जताया था।
25 अक्टूबर को हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर में मौजूदा राष्ट्रपति लूला ने लिबरल पार्टी के उम्मीदवार फ्लेवियो बोल्सोनारो को हराकर चौथा कार्यकाल हासिल किया था। फ्लेवियो बोल्सोनारो पहले दौर में आगे रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा था कि वह भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को और व्यापक बनाने के लिए राष्ट्रपति लूला के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं। उन्होंने कहा था कि दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने, ग्लोबल साउथ की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और अधिक समावेशी, न्यायसंगत एवं टिकाऊ विश्व के निर्माण के लिए मिलकर काम करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला की पिछली मुलाकात इस साल फरवरी में हुई थी, जब ब्राजील के राष्ट्रपति राजकीय यात्रा पर भारत आए थे।
इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण खनिजों, डिजिटल सहयोग, पारंपरिक ज्ञान, स्वास्थ्य, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), उद्यमिता और जनसंचार जैसे क्षेत्रों में व्यापक चर्चा हुई थी। राष्ट्रपति लूला ने नई दिल्ली में आयोजित दूसरे AI इम्पैक्ट समिट में भी हिस्सा लिया था।
-(इनपुटः आईएएनएस)


