एंथ्रोपिक ने आईपीओ दस्तावेज किया सार्वजनिक, भारी निवेश और सुरक्षा जोखिमों का खुलासा

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एंथ्रोपिक ने अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने आईपीओ से जुड़ा दस्तावेज सार्वजनिक किया है, जिसमें तेजी से बढ़ते राजस्व के साथ भारी घाटे और सुरक्षा संबंधी जोखिमों का भी खुलासा हुआ है। एंथ्रोपिक का प्रस्तावित आईपीओ ऐसे समय आ रहा है, जब निवेशक एआई उद्योग में हो रहे भारी निवेश और कंपनियों के ऊंचे मूल्यांकन की वास्तविकता को परख रहे हैं।

एआई तकनीक से कारोबार में बदलाव, वैज्ञानिक खोजों में तेजी और उत्पादकता बढ़ने की उम्मीदों ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। इसके चलते कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई विकास पर भारी रकम खर्च की जा रही है। हालांकि, इस निवेश से भविष्य में कितना मुनाफा होगा और क्या यह कंपनियों के मौजूदा मूल्यांकन को उचित ठहराने के लिए पर्याप्त होगा, इस पर सवाल भी उठ रहे हैं।

एंथ्रोपिक को 2026 की पहली छमाही में 80.7 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ। कंपनी के मुताबिक, इसका बड़ा हिस्सा शेयरों में परिवर्तित होने वाले बॉन्ड से जुड़े एक गैर-परिचालन मद के कारण रहा। हालांकि, इसी अवधि में उसका परिचालन घाटा घटकर 69.3 करोड़ डॉलर रह गया। समायोजित परिचालन आय पिछले साल के 1.85 अरब डॉलर के घाटे से सुधरकर 1.62 अरब डॉलर के लाभ में पहुंच गई।

कंपनी ने बताया कि 30 जून को समाप्त तीन महीनों में उसका राजस्व पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 1,368 प्रतिशत बढ़ा। हालांकि, आईपीओ दस्तावेज में उसने चेतावनी दी है कि भविष्य में राजस्व वृद्धि की दर कम हो सकती है और इसमें समय-समय पर उतार-चढ़ाव आ सकता है। कंपनी के थैंक्सगिविंग से पहले शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।

एंथ्रोपिक के आईपीओ को पूरे एआई उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निवेशक यह देखना चाहते हैं कि एआई कंपनियां भारी निवेश के बावजूद किस तरह टिकाऊ कमाई कर सकती हैं। वेल्थ क्लब की मुख्य निवेश रणनीतिकार सुजाना स्ट्रीटर के मुताबिक, एआई की संभावनाओं को लेकर उत्साह अब भी बना हुआ है, लेकिन निवेशक कंपनियों के मूल्यांकन और भविष्य में मिलने वाले रिटर्न को लेकर पहले से अधिक सतर्क हो रहे हैं।

कुछ मौजूदा और संभावित निवेशक एंथ्रोपिक का मूल्यांकन करीब 1.5 लाख करोड़ डॉलर कर रहे हैं, जबकि एक सप्ताह पहले यह लगभग 2 लाख करोड़ डॉलर माना जा रहा था। कंपनी के वित्तीय आंकड़ों के सामने आने के बाद मूल्यांकन को लेकर अपेक्षाएं बदली हैं। ग्रेट हिल कैपिटल के चेयरमैन थॉमस हेज ने कहा कि निवेशक इस उम्मीद के साथ पैसा लगा रहे हैं कि उन्हें भविष्य में अपने निवेश पर रिटर्न मिलेगा।

एंथ्रोपिक का आईपीओ ऐसे समय बाजार में आ रहा है, जब शरद ऋतु में कई कंपनियों की लिस्टिंग की उम्मीद थी, लेकिन अब यह प्रमुख एआई आईपीओ अकेला रह गया है। विश्लेषकों के अनुसार, इससे कंपनी को अपनी महंगी एआई योजनाओं के लिए बड़े स्तर पर पूंजी जुटाने का अवसर मिल सकता है। आईपीओएक्स के शोध सहयोगी लुकास म्यूहलबाउर ने कहा कि एंथ्रोपिक का आईपीओ प्रमुख एआई कंपनियों के मूल्यांकन के लिए एक मानक तय कर सकता है। इसका असर आने वाले आईपीओ और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करने वाली कंपनियों पर निवेशकों के भरोसे पर भी पड़ेगा।

एंथ्रोपिक के आईपीओ दस्तावेज में उन्नत एआई प्रणालियों से जुड़े सुरक्षा जोखिमों का भी उल्लेख है। कंपनी के शोध में नियंत्रित परीक्षणों के दौरान कुछ प्रणालियों में कोड को नुकसान पहुंचाने, धोखाधड़ी में सहायता करने और सूचनाओं में हेरफेर जैसे व्यवहार सामने आए। दस्तावेज के अनुसार, एआई प्रणालियों का दुरुपयोग और सुरक्षा संबंधी खतरे चिंता का विषय हैं। कुछ परिस्थितियों में इन प्रणालियों के जवाब दबाव बनाने, धोखा देने या लोगों को प्रभावित करने वाले व्यवहार के रूप में समझे जा सकते हैं, जिनमें ब्लैकमेल जैसी प्रवृत्तियां भी शामिल हैं।

कंपनी ने यह भी चेताया कि अपने शोध और विकास में एआई का बढ़ता इस्तेमाल मॉडलों की क्षमताओं को सुरक्षा, एलाइनमेंट और अन्य सुरक्षा उपायों को विकसित करने की गति से अधिक तेजी से आगे बढ़ा सकता है। एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डारियो अमोडेई पहले भी एआई मॉडल विकसित करने की गति धीमी करने की जरूरत पर जोर दे चुके हैं।

कंपनी ने बताया कि 30 सितंबर को समाप्त पिछले 12 महीनों के दौरान उसके ऐसे ग्राहकों में फॉर्च्यून-500 की आधे से अधिक कंपनियां और ग्लोबल-2000 की 30 प्रतिशत से अधिक कंपनियां शामिल थीं, जिनसे उसे कम से कम एक लाख डॉलर का राजस्व मिला। हालांकि, एंथ्रोपिक कंप्यूटिंग सेवाओं के लिए अमेजन, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसे सीमित संख्या में क्लाउड सेवा प्रदाताओं तथा महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ब्रॉडकॉम जैसे आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भर है। कंपनी के अनुसार, इससे निर्भरता और संभावित कमजोरियां पैदा हो सकती हैं।

2021 में स्थापित एंथ्रोपिक की शुरुआत ओपनएआई छोड़ने वाले शोधकर्ताओं के एक समूह ने की थी। ये शोधकर्ता कंपनी के संचालन और एआई सुरक्षा को लेकर मतभेदों के बाद अलग हुए थे। एंथ्रोपिक सबसे उन्नत एआई प्रणालियां विकसित करने की दौड़ में ओपनएआई को कड़ी चुनौती दे रही है। मई में हुए एक फंडिंग दौर में कंपनी का मूल्यांकन 965 अरब डॉलर आंका गया था।

एंथ्रोपिक ने नेटफ्लिक्स के सह-संस्थापक रीड हेस्टिंग्स को अपना प्रमुख स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। कंपनी ने अपने आईपीओ दस्तावेज में कहा कि उसे कंप्यूटिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला खर्च बढ़ने की उम्मीद है। ये खर्च उसके परिचालन खर्चों का सबसे बड़ा हिस्सा बने रहेंगे। कंपनी अमेजन और गूगल समेत साझेदारों के साथ कंप्यूटिंग संबंधी समझौतों के तहत 600 अरब डॉलर से अधिक की प्रतिबद्धताएं भी कर चुकी है।

एंथ्रोपिक के शेयर नैस्डैक पर ‘ANT’ टिकर के तहत कारोबार करेंगे। हालांकि, कंपनी ने आईपीओ में शेयरों की पेशकश की शर्तों का खुलासा नहीं किया है। गोल्डमैन सैक्स को आईपीओ में प्रमुख लीड अंडरराइटर की भूमिका मिली है, जबकि मॉर्गन स्टेनली भी प्रमुख अंडरराइटर के रूप में काम कर रहा है। इसके अलावा 20 अन्य बैंकों को भी अंडरराइटर के रूप में नामित किया गया है।

-(इनपुटः रॉयटर्स)