चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण झारखंड के कई हिस्सों में बारिश तेज, शुक्रवार तक होती रहेगी वर्षा

‘बहुत गंभीर’ चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश तेज हो गई है तथा मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

‘अर्नब’ बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के गुडाबांदा में बुधवार शाम से सबसे अधिक 71.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी में 64 मिमी बारिश हुई। इस दौरान रांची में 26.2 मिमी और चाईबासा में 60 मिमी वर्षा हुई।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, ‘‘गुरुवार को बारिश होती रहेगी। कुछ जिलों में भारी से भीषण बारिश हो सकती है। हालांकि, इसका असर अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग होगा। उदाहरण के लिए, संथाल क्षेत्र में इसका असर कम रहेगा, जहां भारी बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है।’’

गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों के लिए शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें लोगों को मौसम की जानकारी से अपडेट रहने की सलाह दी गई है।

आनंद ने कहा कि चक्रवाती मौसम प्रणाली 30 अक्टूबर तक कमजोर हो जाएगी और झारखंड से थोड़ा दूर चली जाएगी। शुक्रवार के लिए कोई चेतावनी नहीं है। शुक्रवार के पहले भाग में उत्तर-पश्चिम और उत्तर से सटे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चक्रवात को देखते हुए रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा सहित कई जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। (इनपुट-भाषा)

RELATED ARTICLES

22 mins ago | Agriculture Scheme

किसानों की आय सुरक्षा का बड़ा आधार बना पीएम-किसान, 24 किस्तों में 4.64 लाख करोड़ रुपए वितरित

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के तहत 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किस...

52 mins ago | Banaskantha

‘बनासकांठा के किसान खुद आलू को सोना बना रहे हैं’, पीएम मोदी का राहुल गांधी पर तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि गुजरात के बनासकांठा जिले के किसानों ने इस क्षे...