2 hours ago

Print

Cyclone Akwan: भीषण चक्रवाती तूफान में बदला अक्वान, 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना

मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात अक्वान भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। यह पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा है और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित है। इसके कल दोपहर तक आंध्र प्रदेश के उत्तरी और ओडिशा के दक्षिणी तटों पर नरसापुर और पुरी के बीच पहुंचने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने चेतावनी दी है कि तूफान के कारण रेल, हवाई और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मछुआरों और समुद्री जहाजों को बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि समुद्र में लहरें ऊंची से बहुत ऊंची उठने की आशंका है।

इधर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कल शाम भुवनेश्वर स्थित राज्य नियंत्रण कक्ष में समीक्षा बैठक की। इसमें चक्रवात से निपटने की तैयारियों और उसके संभावित प्रभावों का जायजा लिया गया। मुख्यमंत्री ने कई जिलों में तेज बारिश की आशंका जताते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री माझी ने बताया कि आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच चक्रवात के संभावित पहुंचने से पहले अब तक लगभग 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

वहीं तमिलनाडु के कई जिलों में 23 और 24 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में और अधिक ताकतवर हो चुका चक्रवात ‘अकवान’ शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच पूर्वी तट को पार कर सकता है।

मौसम विभाग ने 23 नवंबर से तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में काफी बढ़ोतरी का अनुमान जताया है, जिसमें दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। 23 नवंबर को कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुकोट्टई, शिवगंगा, रामनाथपुरम, मदुरै, विरुधुनगर, थेनी, तेनकासी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

24 नवंबर को कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम और पुदुकोट्टई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के बड़े हिस्सों में अभी चल रहे सूखे मौसम के बाद कावेरी डेल्टा और दक्षिणी जिलों में फिर से बारिश होने की संभावना है।