रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज मोरक्को होंगे रवाना, अफ्रीका में खुलेगा भारत का पहला रक्षा संयंत्र

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज रविवार को मोरक्को के आधिकारिक दौरे पर रवाना होंगे। रक्षा मंत्री की यह दो दिवसीय (22 और 23 सितंबर ) यात्रा मोरक्को के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री अब्देलतीफ लाउदयी के निमंत्रण पर हो रही है। खास बात यह है कि यह किसी भी भारतीय रक्षा मंत्री की मोरक्को की पहली यात्रा होगी, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक और रक्षा सहयोग को दर्शाती है।

इस दौरे का सबसे अहम आकर्षण मोरक्को के बेररशिद में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स मरोको की नई मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री का उद्घाटन होगा। इस संयंत्र में व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म (WhAP) 8×8 जैसे आधुनिक सैन्य वाहनों का निर्माण होगा। यह अफ्रीका महाद्वीप में भारत का पहला रक्षा विनिर्माण संयंत्र होगा, जिसे आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत भारत की रक्षा उद्योग की वैश्विक पहुंच का प्रतीक माना जा रहा है।

राजनाथ सिंह इस दौरान अब्देलतीफ लाउदयी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक में रक्षा, रणनीतिक और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने पर गहन चर्चा होगी। इसके अलावा वे मोरक्को के उद्योग और व्यापार मंत्री रियाद मेज्जोर से भी मुलाकात करेंगे और औद्योगिक सहयोग के नए अवसरों पर विचार-विमर्श करेंगे।

इस यात्रा में भारत और मोरक्को रक्षा सहयोग से जुड़ा एक समझौते (MoU) पर भी साइन करेंगे। यह समझौता दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को संस्थागत रूप देगा और इसमें प्रशिक्षण, औद्योगिक साझेदारी और आपसी आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। भारतीय नौसेना के जहाज हाल के वर्षों में नियमित रूप से कासाब्लांका बंदरगाह पर जाते रहे हैं और यह नया समझौता उन रिश्तों को और गहरा करेगा।

इसके अलावा रक्षा मंत्री राजधानी रबात में भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।इस दौरान वे प्रवासियों के योगदान और भारत सरकार की विदेश नीति और रक्षा कूटनीति के बारे में अपने विचार साझा करेंगे।

गौरतलब है कि भारत और मोरक्को के संबंधों ने 2015 में नई गति पकड़ी थी जब मोरक्को के राजा मोहम्मद VI और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारत में मुलाकात हुई थी। राजनाथ सिंह का यह दौरा विशेष रूप से रक्षा और रणनीतिक क्षेत्रों में दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा देने वाला साबित होगा।-(PIB)

RELATED ARTICLES

10 mins ago | जापान

वित्त मंत्री सीतारमण ने बैंकॉक में ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड और जापान के वित्त मंत्रियों से द्विपक्षीय बातचीत की

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को बैंकॉक में ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड और जापान के अपने स...

20 mins ago | defence industry

भारत-ग्रीस रक्षा सहयोग को नई गति, संयुक्त उत्पादन के लिए औद्योगिक रोडमैप बनेगा

भारत और ग्रीस ने रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में नई पहल तलाशने और संयुक्त रक्षा उत्पादन को...