देश में 18वीं लोकसभा चुनाव का ऐलान शनिवार दोपहर 3 बजे होगा। चुनाव आयोग ने जानकारी देते हुए कहा कि आम चुनाव 2024 और कुछ राज्य विधानसभाओं के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस शनिवार 16 मार्च को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। आम चुनाव के लिए सभी तैयारी पूरी हो गई है साथ ही चुनाव आयोग सभी राज्यों में समीक्षा भी पूरी कर ली है।
16 जून को खत्म हो रहा 17वीं लोकसभा का कार्यकाल
वर्तमान लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है और उससे पहले ही नयी सरकार का गठन करना होगा। पिछली बार लोकसभा चुनाव की घोषणा 10 मार्च को हुई थी और 11 अप्रैल से सात चरणों में मतदान हुआ था। वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी। इसके अलावा ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने है।
नए चुनाव आयुक्त ने ग्रहण किया पदभार
बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने चुनाव आयुक्त के रूप में गुरुवार को पंजाब के पूर्व नौकरशाह सुखबीर सिंह संधू और केरल के ज्ञानेश कुमार का नाम तय किया है। जिसके बाद शुक्रवार को दोनों अधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में वर्तमान में केवल मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ही थे। चुनाव आयुक्त अनूप चन्द्र पांडे का पिछले महीने कार्यकाल समाप्त हो गया और अरुण गोयल ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके चलते आयोग में दो स्थान रिक्त थे।
पीएम, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में सबसे बड़े दल के नेता की समिति चुनाव आयुक्त तय करती है। पिछले साल एक कानून लाकर सरकार ने इस समिति के माध्यम से चयन प्रक्रिया तय की थी।


