सितंबर में EV बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड, रिटेल सेल्स 74% बढ़कर 3.33 लाख यूनिट: FADA

भारत के इलेक्ट्रिक वाहन बाजार ने सितंबर में अब तक की सबसे ज्यादा मासिक रिटेल बिक्री दर्ज की। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के अनुसार, सितंबर में कुल 3,33,634 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई, जो पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 74 प्रतिशत अधिक है।

वाहन श्रेणियों में EV की हिस्सेदारी भी बढ़कर करीब 13 प्रतिशत हो गई, जो सितंबर 2025 में लगभग 10 प्रतिशत थी। इस रिकॉर्ड प्रदर्शन में खासतौर पर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल की मजबूत मांग का योगदान रहा। दोनों सेगमेंट ने अपनी अब तक की सबसे ज्यादा मासिक रिटेल बिक्री दर्ज की।

FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि सितंबर की EV बिक्री केवल पिछले साल के मुकाबले बढ़ी नहीं है, बल्कि इसने नया ऑल टाइम हाई बनाया है। उनके अनुसार, फेस्टिव डिमांड, रनिंग कॉस्ट का बेहतर इकोनॉमिक्स, बढ़ते मॉडल विकल्प और PM E-DRIVE तथा राज्य सरकारों की योजनाओं से EV को लेकर ग्राहकों की रुचि बढ़ रही है।

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की रिटेल बिक्री सितंबर में रिकॉर्ड 2,07,314 यूनिट रही। इसमें सालाना आधार पर 88.67 प्रतिशत और महीने-दर-महीने 13.16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस सेगमेंट में EV penetration बढ़कर 11.6 प्रतिशत हो गई, जो एक साल पहले 8.2 प्रतिशत थी।

इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल की बिक्री भी रिकॉर्ड 36,108 यूनिट रही। इसमें सालाना आधार पर 94.56 प्रतिशत और महीने-दर-महीने 17.63 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस सेगमेंट में EV penetration 5.7 प्रतिशत से बढ़कर 8.5 प्रतिशत हो गई।

इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की रिटेल बिक्री 86,024 यूनिट रही, जो पिछले साल की तुलना में 40 प्रतिशत और महीने-दर-महीने 7.74 प्रतिशत अधिक है। इस श्रेणी में EV penetration 64.9 प्रतिशत के मजबूत स्तर पर रही।

इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल की बिक्री सितंबर में 4,188 यूनिट रही। हालांकि महीने-दर-महीने बिक्री में 10.9 प्रतिशत की गिरावट आई, लेकिन सालाना आधार पर इसमें 158 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस सेगमेंट में EV penetration पिछले साल के 2.16 प्रतिशत से बढ़कर करीब 4 प्रतिशत हो गई।

(इनपुट- IANS)