भारत का क्वांटम इकोसिस्टम मजबूत, तीन साल में 1,000 किमी क्वांटम-सुरक्षित संचार हासिल: डॉ. जितेंद्र सिंह

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की सक्षमकारी नीतियों से भारत का उभरता क्वांटम इकोसिस्टम मजबूत हो रहा है और उन्नत प्रौद्योगिकियों में उद्योग तथा निजी क्षेत्र की भागीदारी के नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पास वैज्ञानिक प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और उद्योग की तैयारी है, जबकि सक्षमकारी नीतिगत वातावरण हितधारकों को क्वांटम प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में निर्माण, विस्तार और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास दे रहा है।

प्रगति क्यू-फाउंड्री 2026 में क्वांटम क्षेत्र की उपलब्धियां

नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित प्रगति क्यू-फाउंड्री 2026-राष्ट्रीय क्वांटम मिशन सह-विकास एवं उद्यम साझेदारी बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय क्वांटम मिशन सरकार, वैज्ञानिक संस्थानों, स्टार्टअप्स, उद्योग, निवेशकों, राज्यों और रणनीतिक उपयोगकर्ताओं को एक साथ लाकर स्वदेशी क्षमताओं के निर्माण की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत केवल दूसरे देशों में विकसित क्वांटम प्रौद्योगिकियों का उपभोक्ता बनने के बजाय देश में इनके विकास और वैश्विक स्तर पर पहुंच बनाने के लिए क्षमताओं, बुनियादी ढांचे, प्रतिभा और उद्यमों का निर्माण कर रहा है।

आठ साल के लक्ष्य का आधा हिस्सा तीन साल में हासिल

डॉ. जितेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय क्वांटम मिशन की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि मिशन के लिए आठ वर्षों में 2,000 किलोमीटर क्वांटम-सुरक्षित संचार का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन भारत ने लगभग तीन वर्षों में ही 1,000 किलोमीटर का लक्ष्य हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के आधे से भी कम समय में लक्ष्य का आधा हिस्सा हासिल करना क्वांटम इकोसिस्टम के भीतर विकसित हुई क्षमता को दर्शाता है और आगे अधिक गति तथा दृढ़ संकल्प के साथ काम करने का विश्वास देता है।

चार विषयगत केंद्रों में 152 शोधकर्ता कर रहे काम

मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय क्वांटम मिशन को संपूर्ण सरकार और संपूर्ण राष्ट्र के प्रयास के रूप में संरचित किया गया है। इसके तहत भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु, आईआईटी मद्रास, आईआईटी बॉम्बे और आईआईटी दिल्ली में चार विषयगत केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों में 17 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 43 संस्थानों के 152 शोधकर्ता मिलकर काम कर रहे हैं। ये केंद्र क्वांटम कंप्यूटिंग, क्वांटम संचार, क्वांटम सेंसिंग एवं मेट्रोलॉजी तथा क्वांटम सामग्री एवं उपकरणों के क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।

क्वांटम संचार और सेंसिंग में वैश्विक प्रतिस्पर्धा की क्षमता

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले दो से तीन वर्षों में हुई प्रगति से पता चलता है कि भारत के पास क्वांटम संचार और क्वांटम सेंसिंग में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनने तथा क्वांटम कंप्यूटिंग में आत्मनिर्भर बनने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि विषयगत केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों और स्टार्टअप्स से उभर रही प्रौद्योगिकियां इस महत्वाकांक्षा के लिए मजबूत आधार तैयार कर रही हैं।

स्टार्टअप्स के लिए वित्तपोषण से आगे बढ़कर सहायता

मंत्री ने कहा कि सरकार का समर्थन केवल वित्तपोषण तक सीमित नहीं है। इसमें बुनियादी ढांचा, मार्गदर्शन, प्रौद्योगिकी सत्यापन, उद्योग साझेदारियां और ग्राहकों तक पहुंच के अवसर भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्वांटम स्टार्टअप्स के लिए उद्योग और निवेशकों के साथ लगातार जुड़ाव जरूरी है। इसमें पूंजी, तकनीकी सत्यापन, सह-विकास, खरीद और बाजार तक पहुंच जैसे पहलू शामिल हैं। उन्होंने राज्यों से भी स्टार्टअप्स द्वारा विकसित स्वदेशी प्रौद्योगिकियों का मूल्यांकन करने और उनके उपयोग तथा खरीद की संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया।

स्टार्टअप्स की संख्या 17 से बढ़कर 26 हुई

राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत अब तक 17 स्टार्टअप्स को सहायता दी जा चुकी है। कार्यक्रम में 9 अतिरिक्त स्टार्टअप्स की घोषणा के साथ यह संख्या बढ़कर 26 हो गई है। जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह विस्तार क्वांटम उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और आशाजनक भारतीय उद्यमों को वित्तपोषण, बुनियादी ढांचे, मार्गदर्शन तथा ग्राहकों तक पहुंच के अवसर उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

शुरुआती स्तर पर उद्योग से जुड़ाव जरूरी

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि क्वांटम स्टार्टअप्स की स्थिरता के लिए उद्योग के साथ शुरुआती स्तर पर संबंध स्थापित करना महत्वपूर्ण है, क्योंकि क्वांटम प्रौद्योगिकियों के लिए पर्याप्त पूंजी और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि प्रगति क्यू-फाउंड्री और इससे जुड़ी व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) बैठकें केवल प्रौद्योगिकियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं हैं। इनका उद्देश्य तकनीकी सत्यापन, खरीद, सह-विकास, निवेश और साझेदारियों जैसे ठोस परिणामों को बढ़ावा देना है।

10 नई क्वांटम प्रौद्योगिकियों और 9 स्टार्टअप्स का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने 10 नई क्वांटम प्रौद्योगिकियों और 9 स्टार्टअप्स का शुभारंभ किया। इसके साथ रणनीतिक साझेदारियों और समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का भी आदान-प्रदान किया गया। इन पहलों को राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के कार्यान्वयन के अगले चरण के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के परीक्षण, सत्यापन, एकीकरण, निवेश और उपयोग पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।

चेन्नई-बेंगलुरु के बीच हाइब्रिड पीक्यूसी-क्यूकेडी लिंक का प्रदर्शन

मिशन के तहत तकनीकी उपलब्धियों के हिस्से के रूप में आईआईटी मद्रास स्थित क्वांटम संचार केंद्र की तकनीकी टीम ने चेन्नई और बेंगलुरु के बीच बीएसएनएल के मौजूदा फाइबर नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए 17 सुरक्षित नोड्स के माध्यम से हाइब्रिड पीक्यूसी-क्यूकेडी लिंक का सफल प्रदर्शन किया। इसके अलावा 50 पिकोसेकंड की डेजी-चेन टाइमिंग सिंक्रोनाइजेशन तकनीक को शोध समुदाय के लिए ओपन-सोर्स समाधान के रूप में जारी किया गया।

प्रौद्योगिकी, निवेश और साझेदारियों पर जोर

डॉ. जितेंद्र सिंह ने गोलमेज चर्चा के दौरान क्वांटम स्टार्टअप्स के संस्थापकों से बातचीत की और उनकी तकनीकी प्रगति, चुनौतियों तथा विस्तार संबंधी जरूरतों की समीक्षा की। इसका उद्देश्य स्टार्टअप्स, निवेशकों, उद्योग और संभावित उपयोगकर्ताओं के बीच संबंधों को मजबूत करना था, ताकि स्वदेशी प्रौद्योगिकियां सत्यापन, अपनाए जाने और उपयोग की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि क्वांटम प्रोसेसर, सुरक्षित संचार प्रणालियों, उन्नत सेंसर, सामग्रियों और उपकरणों में स्वदेशी क्षमता भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण है, खासकर महत्वपूर्ण और रणनीतिक क्षेत्रों में।

संपूर्ण मूल्य श्रृंखला में घरेलू क्षमता निर्माण जरूरी

मंत्री ने कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर जुड़ा रहते हुए संपूर्ण क्वांटम मूल्य श्रृंखला में घरेलू क्षमताओं का निर्माण करना चाहिए। साथ ही ऐसी प्रौद्योगिकियां विकसित करनी चाहिए जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी हों। नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर ने कहा कि राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत हुई प्रगति सरकार, शिक्षा जगत, स्टार्टअप्स और उद्योग को एक साथ लाकर मजबूत क्वांटम इकोसिस्टम तैयार करने के महत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मिशन स्वदेशी प्रौद्योगिकी विकास और इस उभरते क्षेत्र में निजी क्षेत्र की अधिक भागीदारी के लिए आधार तैयार कर रहा है।

चार केंद्रों से करीब 52 प्रौद्योगिकियां विकसित

प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद ने कहा कि क्वांटम इकोसिस्टम यह संकेत दे रहा है कि मौलिक विज्ञान से प्रौद्योगिकी तक पहुंचने में 10-15 वर्ष लगने वाले पारंपरिक रैखिक मॉडल में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि चार विषयगत केंद्रों से विभिन्न प्रौद्योगिकी तत्परता स्तरों (टीआरएल) पर करीब 52 प्रौद्योगिकियां विकसित हुई हैं और 17 स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता दी गई है। उन्होंने स्टार्टअप्स को टिकाऊ बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी उत्पाद तैयार करने के लिए स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के उपयोग और खरीद को महत्वपूर्ण बताया।

प्रगति का आकलन ठोस परिणामों से होगा

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रगति क्यू-फाउंड्री की सफलता का आकलन विकसित की गई प्रौद्योगिकियों, स्थापित साझेदारियों, जुटाए गए निवेश, मजबूत किए गए स्टार्टअप्स और उपयोग में लाई गई स्वदेशी समाधानों के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी हितधारकों से स्पष्ट प्रतिबद्धताओं, समयसीमा और जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय क्वांटम मिशन ने भारत के लिए वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक क्वांटम प्रौद्योगिकियों और राष्ट्रीय क्षमता के निर्माण की नींव रखी है।

वरिष्ठ वैज्ञानिकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर, भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव प्रो. उमेश वी. वाघमारे और राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जे. बी. वी. रेड्डी के साथ वरिष्ठ वैज्ञानिकों, उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया। (इनपुट: पीआईबी)