प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न और ‘स्वर कोकिला’ लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय संगीत जगत में लता दीदी का अप्रतिम योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
पीएम मोदी का संदेश: दिव्य गायन प्रतिभा से रोशन किया देश का नाम
प्रधानमंत्री ने एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अपनी दिव्य गायन प्रतिभा से विश्व में देश का नाम रोशन करने वालीं आदरणीया लता दीदी को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने भारतवर्ष को न केवल अपने सुमधुर सुरों से सजाया-संवारा, बल्कि देश की समृद्धि से जुड़ी हर पहल को भी सदैव प्रोत्साहित किया। भारतीय संगीत जगत में उनका अप्रतिम योगदान युग-युगांतर तक स्मरणीय रहेगा।”
ओम बिरला: लता जी भारतीय संगीत की अमर पहचान
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी लता मंगेशकर को उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने लिखा, “लता जी भारतीय संगीत की अमर पहचान है। अपने असाधारण संगीत सफर में उन्होंने अनेक भारतीय भाषाओं में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी और भारतीय फिल्म संगीत को एक ऐसी पहचान दी, जिसकी गूंज देश की सीमाओं से बहुत आगे तक पहुंची।”
ओम बिरला ने आगे कहा कि लता जी की आवाज में भारतीय संगीत की मिठास, शास्त्रीयता, भाव और आत्मा का अद्भुत संगम था। दशकों तक उन्होंने हिंदी सिनेमा के संगीत को नई ऊंचाइयां दीं और अनगिनत गीतों को कालजयी बना दिया। उनकी जयंती पर उन्हें याद करना उस महान संगीत परंपरा को नमन करना है, जिसे उन्होंने अपनी साधना, अनुशासन और प्रतिभा से समृद्ध किया।
अन्य नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने लता मंगेशकर को संगीत जगत की सिरमौर और महान सुर साधिका बताते हुए सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि लता जी ने अपनी दिव्य संगीत साधना से फिल्म जगत को समृद्ध किया और भारतीय संगीत को विश्वपटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनकी मंत्रमुग्ध कर देने वाली आवाज स्मृतियों में सदैव जीवंत रहेगी।
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने भी इसी भावना के साथ लता जी को नमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि लता जी ने न केवल फिल्म संगीत को समृद्ध किया, बल्कि भारतीय संगीत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई। उनकी अप्रतिम आवाज हमेशा यादों में बनी रहेगी। लता मंगेशकर की जयंती पर देशभर के नेताओं और संगीत प्रेमियों ने उन्हें याद करते हुए उनकी अविस्मरणीय विरासत को सलाम किया। (इनपुट-एजेंसी)


