दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि हिंदी और मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर का योगदान बहुत बड़ा था। उनके जाने से एक बड़ी कमी महसूस हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “नाना पाटेकर में वह जबरदस्त जोश, अनोखापन और ऐसी दमदार मौजूदगी थी, जो बहुत कम अभिनेताओं में देखने को मिलती है। उन्होंने हर किरदार में कमाल की विविधता और रचनात्मकता दिखाई और हमें ऐसे पात्र दिए जिन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा।” 

उन्होंने आगे कहा कि नाना पाटेकर को उनकी बेबाक और स्पष्ट विचारों के लिए भी सराहा जाता था। वे अपनी बात कहने में कभी नहीं हिचकिचाते थे। पीएम मोदी ने परिवार, दोस्तों और अनगिनत चाहने वालों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ‘ओम शांति’ कहा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह- वे अपने आप में एक संस्था थे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नाना पाटेकर के निधन को भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने लिखा कि बहुत कम अभिनेताओं में उनके जैसी असाधारण विविधता और गहराई थी। वे अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसा सकते थे, वहीं ‘अंकुश’, ‘प्रहार’ और ‘क्रांतिवीर’ जैसी फिल्मों में उन्होंने ऐसी गंभीरता दिखाई जिसने हर किरदार को यादगार बना दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी आवाज, मौजूदगी और अलग-अलग किरदारों में ढल जाने की क्षमता उन्हें अद्वितीय बनाती थी। वे सिर्फ अभिनेता नहीं, बल्कि अपने आप में एक संस्था थे। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

गृह मंत्री अमित शाह- ख्याति के शिखर पर भी मिट्टी से जुड़े रहे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता नाना पाटेकर का निधन कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। पांच दशकों तक उन्होंने सहज अभिनय और सशक्त संवाद अदायगी से दर्शकों के मन पर अमिट छाप छोड़ी। शाह ने ‘नाम फाउंडेशन’ के जरिए सूखे से जूझ रहे किसान परिवारों की सेवा और सीमा पर जवानों का हौसला बढ़ाने का जिक्र करते हुए कहा कि वे ख्याति के शिखर पर पहुंचकर भी अपनी मिट्टी से जुड़े रहे। जब भी उनसे मुलाकात हुई, उनकी सरलता और स्पष्टवादिता ने प्रभावित किया।

शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जाने-माने अभिनेता, थिएटर के दिग्गज कलाकार और संवेदनशील समाजसेवी ‘पद्म श्री’ नाना पाटेकर के निधन से गहरा दुख हुआ है। उनका जाना भारतीय सिनेमा, थिएटर और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान मिले और शोकाकुल परिवार, मित्रों व प्रशंसकों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

33 mins ago | Agriculture Development India

पीएम मोदी ने गिनाए किसानों के लिए सरकार के प्रयास, कहा- अन्नदाता विकसित भारत के मजबूत स्तंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में विभिन्न विकास परियोजनाओं के...

58 mins ago | Agriculture Scheme

किसानों की आय सुरक्षा का बड़ा आधार बना पीएम-किसान, 24 किस्तों में 4.64 लाख करोड़ रुपए वितरित

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के तहत 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किस...