भारत-इटली साझेदारी को नई ऊंचाई देने का समय, कारोबार और तकनीक में सहयोग पर जोर: पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारतीय नवाचार और इतालवी उद्यम एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग की व्यापक संभावनाओं को रेखांकित किया।

गोयल ने रोम में आयोजित चौथे भारत-इटली बिजनेस एंड इनोवेशन फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए कारोबारियों से पारंपरिक व्यापार से आगे बढ़कर आर्थिक और तकनीकी साझेदारी के नए क्षेत्रों में अवसर तलाशने का आह्वान किया। इस दौरान उनके साथ इटली के उपप्रधानमंत्री और विदेश एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री एंटोनियो ताजानी भी मौजूद रहे।

गोयल ने कहा, “आइए, हम दुनिया के लिए मिलकर नवाचार करें, निवेश करें और विनिर्माण करें।”

उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ते मध्यम वर्ग, युवाओं की आकांक्षाओं और आय में वृद्धि के साथ भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक साझेदारियों के लिए अपने दरवाजे और अधिक खोल रहा है।

सेमीकंडक्टर और परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भारत की तैयारी

केंद्रीय मंत्री ने भारत की तकनीकी और औद्योगिक महत्वाकांक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश परमाणु ऊर्जा क्षमता को 100 गीगावाट तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 50 अरब डॉलर के निवेश और 2030 तक सालाना 130 अरब डॉलर की अनुमानित खपत का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि भारत विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भविष्य की तकनीकों के लिए तैयारी कर रहा है।

भारतीय और इतालवी स्टार्टअप के बीच साझेदारी पर जोर

रोम में इंडिया-इटली इनोवेशन फोरम के दौरान स्टार्टअप प्रतिनिधियों से बातचीत में गोयल ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से कई भारतीय स्टार्टअप प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने। उन्हें इतालवी कंपनियों और कारोबारियों से बातचीत करने तथा नेटवर्किंग का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के स्टार्टअप ने अपने विचारों को कारोबार में बदलने के अनुभव साझा किए। उन्होंने भारतीय और इतालवी स्टार्टअप से एक-दूसरे के बाजारों में साझेदारी करने और अपने कारोबार का विस्तार करने का आग्रह किया।

गोयल ने युवा उद्यमियों से ऐसे अवसरों और मंचों का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि लगातार प्रयास करने से उन्हें कोई बड़ा ऑर्डर मिल सकता है, जो उनके कारोबार और जीवन की दिशा बदल सकता है।

2029 तक 20 अरब यूरो के व्यापार का लक्ष्य

गोयल ने कहा कि अंतरिक्ष से सेमीकंडक्टर, विनिर्माण से आधुनिक तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा से महत्वपूर्ण खनिजों तक भारत और इटली सहयोग के नए अवसर तलाश रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के कारोबारियों, स्टार्टअप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए अवसर बढ़ रहे हैं। वर्ष 2029 तक 20 अरब यूरो के व्यापार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत और इटली अपनी मित्रता को अगले स्तर तक ले जाने के लिए तैयार हैं। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

8 mins ago | चटगांव

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई आग

बांग्लादेश में हिंसा की घटनाओं के बीच चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के...

1 hour ago | food insecurity

UN में भारत की दो टूक: खाद्य संकट से निपटने के लिए देशों को खुद उठानी होगी जिम्मेदारी, भोजन को ‘हथियार’ बनाना अस्वीकार्य

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक अनौपचारिक बैठक में भारत ने वैश्विक खाद्य संकट से निपटने...