अमेरिका में दिवाली का खास सम्मान, रंगोली डिजाइन वाले 2 करोड़ स्टांप जारी

अमेरिकी डाक सेवा (यूएसपीएस) ने दिवाली के अपने नए ‘फॉरएवर’ स्टांप की 2 करोड़ प्रतियां छापी हैं। एक अधिकारी के मुताबिक, यह संख्या सामान्य से थोड़ी अधिक है, क्योंकि भारतीय समुदाय की ओर से इस स्टांप की काफी मांग और समर्थन मिला है। नए स्टांप का अनावरण बुधवार को स्थानीय समयानुसार वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास में किया गया।

भारतीय समुदाय की मांग पर ज्यादा छपाई

यूएसपीएस की वाइस प्रेसिडेंट साहिबानी गंभीर ने समारोह के दौरान आईएएनएस से कहा कि भारतीय समुदाय की ओर से दूसरे दिवाली स्टांप को जारी करने की काफी मांग थी। उन्हें पहले से अंदाजा था कि यह स्टांप भी 2016 में जारी किए गए पहले स्टांप की तरह लोकप्रिय होगा। इसी वजह से इसकी अधिक संख्या में छपाई की गई, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका इस्तेमाल कर सकें।

रंगोली डिजाइन वाला दूसरा दिवाली स्टांप

रंगोली डिजाइन वाला यह स्टांप दिवाली के अवसर पर यूएसपीएस की ओर से जारी किया गया दूसरा विशेष स्टांप है। इससे पहले 2016 में पहला दिवाली स्टांप जारी किया गया था। साहिबानी गंभीर ने बताया कि पहला स्टांप भारतीय समुदाय के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ था और उसकी लाखों प्रतियां बिकी थीं। उन्होंने कहा कि इस बार 2 करोड़ रंगोली स्टांप छापे गए हैं। उन्हें उम्मीद है कि भारतीय समुदाय के लोग इनका इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा, स्टांप संग्रह करने वाले लोगों में भी इसे खरीदने को लेकर उत्साह रहेगा।

भारतीय दूतावास में हुआ अनावरण समारोह

स्टांप के औपचारिक अनावरण और स्वागत समारोह का आयोजन वॉशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास में किया गया। इस अवसर पर साहिबानी गंभीर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने का प्रतीक

कार्यक्रम में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि दिवाली सबसे पहले उन लाखों भारतीय-अमेरिकियों का त्योहार है, जो अमेरिका को अपना घर मानते हैं। इनमें छात्र, पेशेवर, कलाकार और परिवार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय-अमेरिकी दोनों देशों के समाजों को जोड़ते हैं और भारत-अमेरिका संबंधों के बीच एक जीवंत पुल की भूमिका निभाते हैं। यह आयोजन भी दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाने का अवसर

विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि यह स्टांप भारतीय-अमेरिकी समुदाय और अमेरिकी समाज के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत और सांस्कृतिक ताकत का जश्न मनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिवाली के त्योहार की ओर बढ़ते हुए यह स्टांप उत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।

ह्यूस्टन की कलाकार ने तैयार की रंगोली

स्टांप पर ह्यूस्टन में रहने वाली कलाकार संगीता भूताडा की बनाई रंग-बिरंगी रंगोली दिखाई गई है। इसे बैंगनी रंग की पृष्ठभूमि पर उकेरा गया है। करीब 30 वर्षों से रंगोली बना रहीं संगीता ने इस डिजाइन को तैयार करने के लिए स्टार्च आधारित रंगीन पाउडर और रंगीन रेत का इस्तेमाल किया।

ईमेल से मिला था डिजाइन बनाने का प्रस्ताव

संगीता भूताडा ने बताया कि उन्हें यूएसपीएस की ओर से एक ईमेल मिला था, जिसमें पूछा गया था कि क्या वह स्टांप के लिए रंगोली बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के बाद उन्होंने अपने डिजाइन के स्केच भेजे। इसके बाद अलग-अलग रंगों में फर्श पर रंगोलियां बनाईं और उनके फोटोग्राफर मित्र बिजय दीक्षित ने उनकी तस्वीरें खींचीं। उन्होंने बताया कि डिजाइन में लाल और नारंगी जैसे चमकीले रंगों को प्राथमिकता दी गई, क्योंकि ये रंग दिवाली के त्योहार से खास तौर पर जुड़े हुए हैं।

डाकघरों और ऑनलाइन उपलब्ध होंगे स्टांप

यूएसपीएस के अनुसार, स्टांप का डिजाइन जेनिफर अर्नोल्ड ने तैयार किया है, जबकि विलियम जे. गिकर ने कला निदेशक की भूमिका निभाई। ये स्टांप 20-20 के पैनल में डाकघरों और ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ‘फॉरएवर’ स्टांप होने के कारण इसकी कीमत हमेशा प्रथम श्रेणी के एक औंस के डाक शुल्क के बराबर रहेगी। यानी डाक शुल्क की दर बढ़ने पर भी पहले खरीदे गए स्टांप का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

अच्छाई पर बुराई की जीत का प्रतीक है दिवाली

दिवाली हिंदू, सिख, जैन और अन्य समुदायों द्वारा मनाया जाने वाला प्रमुख त्योहार है। इसे अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक माना जाता है। अमेरिका में दिवाली के लिए विशेष स्टांप जारी करना भारतीय-अमेरिकी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करता है। (इनपुट: आईएएनएस)