भारत और आसियान देशों ने आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (एआईटीआईजीए) की समीक्षा प्रक्रिया को गति देने और लंबित मुद्दों का समयबद्ध समाधान निकालने की प्रतिबद्धता दोहराई है। इसी क्रम में 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता स्थित आसियान सचिवालय में एआईटीआईजीए संयुक्त समिति की 15वीं बैठक और संबंधित उप-समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। हाइब्रिड प्रारूप में हुई इन बैठकों में समझौते की प्रगति की समीक्षा के साथ द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने और आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।
भारत और मलेशिया ने की बैठक की सह-अध्यक्षता
15वीं एआईटीआईजीए संयुक्त समिति की बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग के अपर सचिव नितिन कुमार यादव और मलेशिया के निवेश, व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की उप महासचिव (व्यापार) मस्तुरा अहमद मुस्तफा ने की। बैठक में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओ पीडीआर, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम सहित आसियान के सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
तीन उप-समितियों की बैठकें आयोजित
संयुक्त समिति के अंतर्गत आने वाली आठ उप-समितियों में से तीन ने इस दौरान हाइब्रिड प्रारूप में बैठकें कीं। इनमें कानूनी एवं संस्थागत मुद्दों पर उप-समिति (एससी-एलआईआई), गैर-टैरिफ उपायों से संबंधित उप-समिति (एससी-एनटीएमए) और उत्पत्ति के नियमों पर उप-समिति (एससी-आरओओ) शामिल रहीं। इन बैठकों का उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच सहयोग को गहरा करना, आपसी समझ बढ़ाना और लंबित विषयों पर रचनात्मक संवाद को आगे बढ़ाना था।
लंबित अध्यायों को जल्द पूरा करने का निर्देश
संयुक्त समिति ने सभी उप-समितियों को एआईटीआईजीए की समीक्षा के तहत लंबित अध्यायों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, ठोस और समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करने तथा प्रगति को मापने योग्य बनाने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य वार्ता प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाते हुए समझौते के आधुनिकीकरण की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित करना है।
संतुलित और भविष्योन्मुखी समझौते पर जोर
बैठक के सकारात्मक समापन के साथ भारत और आसियान ने संतुलित, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी व्यापार समझौते के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की। दोनों पक्षों ने लंबित नीतिगत मुद्दों को सुलझाने, आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देने और द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने वाले पारस्परिक रूप से लाभकारी ढांचे के तहत समझौते को आधुनिक बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
जनवरी 2027 में भारत में होगी अगली बैठक
एआईटीआईजीए संयुक्त समिति की अगली बैठक जनवरी 2027 में भारत में हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विभिन्न उप-समितियों की ओर से अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी और वार्ताओं को समय पर पूरा करने के लिए आगे की दिशा तय की जाएगी। (इनपुट: पीआईबी)


